Site icon Dainik Savera Times

साइबर ठगों ने कंपनी में इन्वेस्टमेंट करवा व्यक्ति से ठगे 38 लाख रुपए

यमुनानगर: साइबर ठगों ने कंपनी में इन्वेस्टमेंट करवा अधिक लाभ कमाने का झांसा देकर जगाधरी के हुड्डा सेक्टर 17 निवासी विनोद राणा से 38 लाख रुपए ठग लिए। उसे जब अपने साथ हुई ठगी का पता चला तो उसने मामले की सूचना साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार हुड्डा सेक्टर 17 निवासी विनोद राणा ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 मार्च 2025 को उसके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति का मैसेज आया।

मैसेज पर क्लिक करते ही वह एक ग्रुप से जुड़ गया। जहां पर कंपनी में इन्वेस्टमेंट के संबंध में बातचीत चल रही थी। इसके बाद आरोपियों ने उससे बात करनी शुरू कर दी। आरोपियों ने उसे कहा कि वह एक कंपनी में काम करते हैं,जहां पर पैसे इन्वेस्टमेंट कर अधिक मुनाफा कमा सकते हैं। इस दौरान आरोपियों ने उसे एआई से बनी हुई वित्त मंत्री की वीडियो भी दिखाई, जिसमें मुनाफा कमाने के संबंध में बताया गया था। इस दौरान वह आरोपियों की बातों में आ गया।

आरोपियों ने उसे मार्च 2025 से फरवरी 2026 के बीच अलग-अलग करके करीब 38 लाख रुपये अकाउंट में जमा करवा लिए। उसने जब आरोपियों से मुनाफे के पैसे मांगे तो आरोपियों ने पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला। उसने मामले की सूचना साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी।

Exit mobile version