Dainik Savera Times

ऑपरेशन ट्रैकडाउन में बड़ा खुलासा: सांजरवास हत्या का सातवां आरोपी दबोचा

चरखी दादरी। ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत दादरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जमीन विवाद में हुई हत्या के मामले में सीआईए स्टाफ ने सातवें आरोपी को गिरफ्तार कर केस की कड़ी को और मजबूत कर दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भिवानी जिले के दांग कलां निवासी अजय के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि 29 सितंबर 2023 को बौंद कलां थाने में सूचना मिली थी कि सांजरवास निवासी बाबूलाल की कथित झगड़े में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई है। शुरुआती जांच में सामने आया कि बाबूलाल का लंबे समय से जमीन को लेकर अपनी बुआ मुन्नी और उसके परिवार के साथ विवाद चल रहा था।

शिकायतकर्ता विष्णु ने पुलिस को बताया था कि 28 सितंबर की रात कई लोगों ने लोहे की रॉड, लाठी और डंडों से उसके भाई बाबूलाल पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसी आधार पर पुलिस ने हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।

जांच के दौरान पुलिस पहले ही आरोपी रवि उर्फ भोली, परमजीत उर्फ मोनू, राहुल उर्फ मिनी, रोहित उर्फ आरके, साहिल और सावन को गिरफ्तार कर चुकी है। अब सीआईए टीम में शामिल एएसआई विशाल के नेतृत्व में आरोपी अजय को भी काबू कर लिया गया। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है और मामले की बाकी कड़ियों की जांच जारी है।

ये भी पढ़ेंः रात में धावा, ऊंटों से भरा कैंटर छोड़ भागे तस्कर

Exit mobile version