
Deepanshu wins gold at National Grappling Championship : महेंद्रगढ़। उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित नेशनल ग्रेपलिंग प्रतियोगिता में एसआरटीआर स्कूल, सुरजनवास के प्रतिभावान छात्र सीगड़ा दीपांशु (सुपुत्र अजय कुमार) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। दीपांशु की इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार एवं महेंद्रगढ़ जिले में खुशी का माहौल है।
स्वर्ण पदक जीतकर महेंद्रगढ़ लौटे दीपांशु का रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। विजय उत्सव की शुरुआत रेलवे स्टेशन से रोड शो के रूप में हुई। महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव ने दीपांशु को पगड़ी पहनाकर, फूल-मालाओं से स्वागत किया और मिठाई खिलाकर उसकी उपलब्धि पर बधाई दी। विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि दीपांशु ने अपनी मेहनत, लगन एवं प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल कर पूरे महेंद्रगढ़ जिले को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यदि खिलाड़ियों को उचित मार्गदर्शन, संसाधन एवं प्रोत्साहन मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि दीपांशु की सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। खेलों से केवल शारीरिक क्षमता का विकास नहीं होता, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता भी मजबूत होती है। उन्होंने दीपांशु के माता-पिता, प्रशिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन को भी बधाई दी। दीपांशु के सम्मान में निकाला गया विजय जुलूस ब्रह्मदेव चौक, मसानी चौक, माजरा, सिगड़ी, सीगड़ा, बुचौली, मेघनवास, डुलाना, चितलांग, देवास, सुरजनवास एवं मुड़ायन से होकर विद्यालय परिसर पहुंचा। रास्ते में विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक गणमान्य लोगों ने दीपांशु का फूल-मालाओं से स्वागत किया। दीपांशु की सफलता में उनके कोच हितेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभिन्न स्थानों पर कोच हितेश को भी सम्मानित किया गया। उनके सहयोगी नितेश का भी फूल-मालाओं एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर पहुंचने पर चेयरमैन विनोद यादव ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने दीपांशु का उत्साहवर्धन करते हुए 31 हजार रुपये की नकद राशि एवं पांच किलो देसी घी देकर सम्मानित करने की घोषणा की।
मेष: दिन शुभ रहेगा...