Last Updated: November 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

धान घोटाले की जांच के बीच कुरुक्षेत्र के DFSC नरेश कुमार का इस्तीफा

November 17, 2026

धान घोटाले की जांच के बीच कुरुक्षेत्र के DFSC नरेश कुमार का इस्तीफा

DFSC Resigns Amid Paddy Scam Probe in Kurukshetra : कुरुक्षेत्र। जिले में धान खरीद से जुड़े कथित घोटालों की जांच के बीच जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) नरेश कुमार के इस्तीफे ने विभाग में हलचल पैदा कर दी है।

नरेश कुमार ने 15 नवंबर को विभाग की प्रधान सचिव डॉ. अमनीत पी. कुमार को ई-मेल भेजकर अपना इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है। उन्होंने पद छोड़ने के पीछे घरेलू परिस्थितियों को वजह बताया है। हालांकि, धान घोटाले की जांच के बीच उनके इस्तीफे को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। नरेश कुमार ने इसकी सूचना विभाग के निदेशक और कुरुक्षेत्र के डीसी विश्राम कुमार मीणा को भी भेजी है। नरेश कुमार ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि घरेलू परिस्थितियों के चलते उनके लिए कुरुक्षेत्र में डीएफएससी के पद पर काम जारी रखना संभव नहीं है।

उन्होंने 15 नवंबर 2026 से पद छोड़ने की बात कही है। साथ ही पत्र में स्पष्ट किया है कि वह 15 नवंबर के बाद कार्यालय में ड्यूटी नहीं कर पाएंगे। उन्होंने प्रधान सचिव से इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है। फिलहाल इस्तीफा मंजूर होने और पद पर आगे की जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। इस मामले में नरेश कुमार से बातचीत करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। नरेश कुमार को पूर्व जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राजेश कुमार के बाद कुरुक्षेत्र में यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। राजेश कुमार 15 अक्टूबर को उस समय चर्चा में आए थे, जब भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था।

इस घटना के बाद 20 जनवरी को नरेश कुमार को कुरुक्षेत्र में डीएफएससी का चार्ज सौंपा गया था। उधर, भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी और भाकियू पिहोवा की ओर से पिहोवा, शाहाबाद और इस्माइलाबाद में 100 करोड़ रुपये से अधिक के धान घोटाले के आरोप लगाए गए हैं। भाकियू पिहोवा के प्रवक्ता प्रिंस वड़ैच ने बताया कि तीनों स्थानों पर मामले दर्ज हुए हैं और पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि धान घोटाले के बीच डीएफएससी के इस्तीफे को लेकर चर्चा है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि इन मामलों में डीएफएससी की कोई भूमिका थी या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि पद पर रहते हुए उनकी जिम्मेदारी बनती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें