Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

यमुना में गंदगी जाना चिंता का विषय, सभी परियोजना समय पर पूरे हों: नवीन जिंदल

September 19, 2026

यमुना में गंदगी जाना चिंता का विषय, सभी परियोजना समय पर पूरे हों: नवीन जिंदल

यमुनानगर: हरियाणा में कुरुक्षेत्र से सांसद नवीन जिंदल ने यमुना में प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को यमुना की स्वच्छता से जुड़े सभी प्रोजेक्ट और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

जिंदल ने शुक्रवार देर शाम जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में कहा कि यह बड़े दुख की बात है कि यमुना में गंदगी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से यमुना में गिरने वाले नालों की संख्या के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन अधिकारी स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। उन्होंने आवारा कुत्तों की समस्या पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों में पेयजल की गुणवत्ता पर चिंता जताते हुए कहा कि 108 स्कूलों में पानी के नमूने लिए गए थे, जिनमें से 45 प्रतिशत नमूने फेल हो गए। उन्होंने अधिकारियों से इस स्थिति के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव और इसे रोकने के उपायों की जानकारी मांगी।

बैठक में अंबाला से सांसद वरुण मुलाना ने यमुनानगर जिले में खनन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जिले में 32 खनन ब्लॉक हैं लेकिन केवल चार ब्लॉकों में ही खनन की अनुमति है, जिससे अवैध खनन को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने सभी ब्लॉकों में खनन की अनुमति देने और ओवरलोड वाहनों पर सख्ती करने की मांग की।

मुलाना ने अनाज मंडियों की बदहाली का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि अधिकांश मंडियों में मूलभूत सुविधाएं और बारदाना तक उपलब्ध नहीं है तथा खरीद शुरू नहीं हुई है, जिससे आढ़ती और किसान परेशान हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से हरियाणा में प्रत्येक वर्ष 15 सितंबर से धान की खरीद शुरू करना सुनिश्चित करने की मांग की।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें