Site icon Dainik Savera Times

सोहना बस स्टैंड पर भड़का विवाद, चले लाठी डंडे, कई लोग घायल

हरियाणा डेस्क: सोहना के मुख्य बस स्टैंड पर शनिवार देर शाम “कटमुल्ला” शब्द के उपयोग को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। बता दें कि इस अपमानजनक टिप्पणी को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। झगड़े के दौरान लाठी-डंडों का इस्तेमाल हुआ, जिसमें जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी के दो छात्र, एक शिक्षक और हरियाणा पुलिस का एक होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक

घायलों को पहले सोहना के नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उन्हें तुरंत उच्च स्तरीय स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

पुलिस ने शुरू की जांच, मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल पक्ष की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और दोषियों की पहचान की जा रही है।

सैकड़ों लोगों ने थाने में की शिकायत

रविवार को घटनास्थल पर हुए हमले के विरोध में सैकड़ों लोग सोहना सिटी पुलिस स्टेशन पहुंचे। लोगों ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों में घायल छात्रों और शिक्षक के परिजन भी शामिल थे। समाज के कई गणमान्य लोग भी थाने पहुंचे और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

थाना प्रभारी ने दिया आश्वासन

थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद मामला और गंभीर धाराओं में दर्ज किया जाएगा और आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ संदिग्धों की पहचान हो चुकी है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: जीत के बाद हनुमान मंदिर पहुंचे जय शाह, गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव, माथा टेक लिया भगवान का आशीर्वाद

Exit mobile version