drug smuggler arrested from Muzaffarpur : कुरुक्षेत्र / मुजफ्फरपुर। हरियाणा पुलिस से बचकर बिहार में छिपा अंतरराज्यीय नशा तस्कर आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने मुजफ्फरपुर के सकरा क्षेत्र को अपना सुरक्षित ठिकाना बना लिया था, लेकिन बिहार एसटीएफ की सटीक सूचना और त्वरित कार्रवाई ने उसकी सारी चालें नाकाम कर दीं। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ अब उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की भी जांच तेज कर दी गई है।
संयुक्त कार्रवाई में मुजफ्फरपुर पुलिस और हरियाणा पुलिस ने उसे दबोच लिया। अब उससे पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है। बिहार एसटीएफ की विशेष टीम से मिली गुप्त सूचना के आधार पर मुजफ्फरपुर जिला पुलिस और हरियाणा पुलिस ने सकरा थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अंतरराज्जीय तस्कर मो. मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है।
पुलिस के अनुसार मो. मुन्ना के खिलाफ हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के सदर पेहवा थाना में एक जुलाई 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।गिरफ्तार तस्कर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित घोसपुकुर कमला बगान, विधान नगर क्षेत्र का निवासी है। पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए उसने मुजफ्फरपुर के सकरा इलाके में शरण ले रखी थी। एसटीएफ को इसकी सटीक जानकारी मिलने के बाद संयुक्त ऑपरेशन की योजना बनाई गई।
जांच एजेंसियों का मानना है कि मो. मुन्ना से पूछताछ में नशीली दवाओं की तस्करी से जुड़े अंतरराज्जीय नेटवर्क, सप्लाई चेन और उसके सहयोगियों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है। इसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब आरोपित के आपराधिक रिकॉर्ड को अन्य राज्यों में भी खंगाल रही है। यदि किसी और मामले में उसकी संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित एजेंसियों को सूचना देकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल संयुक्त टीम उससे गहन पूछताछ में जुटी है।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...