Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

पुलिस पर हमला कर भागा नशा तस्कर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

August 1, 2026

पुलिस पर हमला कर भागा नशा तस्कर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

कैथल : कैथल पुलिस के एंटी नारकोटिक सेल ने 48.35 ग्राम हेरोइन के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस नाके को तोडऩे के लिए सरकारी वाहन में सीधी टक्कर मार दी। इस घटना के बाद फरार हुए मुख्य आरोपी को देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार और एसआई जयभगवान की टीम गश्त पर थी।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक कार नंबर एचआर 20 एके-1200 में सवार कुछ युवक गांव फरल क्षेत्र में हेरोइन बेचने आए हैं। वे घोड़ा पुली चौक से होकर मटरवा खेड़ी की तरफ जाएंगे। सूचना के आधार पर पुलिस ने घोड़ा पुली चौक के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक वाहन वहां पहुंचा। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने गाड़ी रोकने के बजाय सीधे पुलिस के सरकारी वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक ने वाहन को पीछे मोडक़र भागने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी सडक़ किनारे खेत में उतरकर बंद हो गई।

इसके बाद उसमें सवार सभी युवक अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर मौके पर अमित कुमार निवासी बढ़सीकरी कला, दीपक निवासी खेड़ी मसानियां और विशाल निवासी मटौर को पकड़ लिया। करीब 15-20 मिनट बाद गुरदीप निवासी मटौर को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि वाहन चालक संदीप निवासी मटौर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। डीएसपी सुशील प्रकाश की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर 48.35 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद हेरोइन पांचों की है और वे इसे बेचने के लिए लेकर आए थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें