Dry Weather to Continue Across Haryana and Delhi : अंबाला। हरियाणा, एनसीआर दिल्ली, पंजाब, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में नवंबर महीने के अंतिम दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क और साफ रहने की संभावना है।
शनिवार को सक्रिय हुए एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा के उत्तरी जिलों, विशेषकर पंजाब से सटे क्षेत्रों में आंशिक बादलवाही देखने को मिल रही है। इस मौसम प्रणाली का प्रभाव बेहद कमजोर रहने के कारण मैदानी इलाकों में बारिश की कोई संभावना नहीं है, जबकि उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। डॉ. चंद्रमोहन, नोडल अधिकारी, भारतीय मौसम विभाग सब सेंटर नारनौल के अनुसार, इस दौरान बीच-बीच में दक्षिण-पूर्वी नमी वाली हवाओं के प्रभाव से मैदानी इलाकों में कोहरा, कुहासा और स्मॉग की स्थिति बनने की संभावना है।
लगातार चलने वाली उत्तरी हवाओं के कारण पूरे क्षेत्र में रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि, दिन के तापमान सामान्य के आसपास बने रहने की उम्मीद है। रविवार को हरियाणा, एनसीआर दिल्ली के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 9.0 से 12.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार, दिसंबर महीने के पहले सप्ताह में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से हरियाणा, एनसीआर दिल्ली सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। इस दौरान हल्की बारिश और बूंदाबांदी के साथ तेज गति से हवाएं चलने की संभावना बन रही है।
उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने से मैदानी इलाकों में ठंड का असर और बढ़ सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में संभावित मौसमी बदलाव से प्रदूषण के स्तर में भी कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। कुल मिलाकर नवंबर के शेष दिनों में हरियाणा-एनसीआर दिल्ली में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है, जबकि दिसंबर के पहले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सर्दी के तेवर तेज होने के आसार हैं।
Also Read :

