हरियाणा: पानीपत में एक 16 साल की किशोरी और 19 साल के युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। प्रेमी युगल ने पानीपत रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म-3 पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के सामने कूदकर जीवन लीला खत्म कर ली। दोनों करनाल जिले के रायपुर के रहने वाले थे। जीआरपी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। किशोरी के परिजनों ने मृतक युवक के खिलाफ मुनक थाने में केस दर्ज कराया था। इसके बाद से ही मुनक थाना पुलिस भी मामले की जांच कर रही थी। आज सुबह पानीपत रेलवे स्टेशन पर एक युवक और किशोरी ने दिल्ली से अंबाला की तरफ जा रही ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। इस दौरान प्लेटफॉर्म में मौजूद यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। आनन-फानन में रेलवे पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी थाना पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
ये भी पढ़ें- बेंगलुरु-मैसुरु एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, 4 लोगों की गई जान

