फरीदाबाद। कोतवाली थाना क्षेत्र की एक नंबर मार्केट में देर रात सनसनी फैल गई, जब कुछ युवकों ने एक युवक पर अचानक हमला कर दिया। घटना रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: कर्नाल न्यूज: मंगलवार को यात्रा टालें, रोडवेज बसें सामान्य रूटों पर नहीं चलेंगी
जानकारी के अनुसार मृतक हिमांशु भाटिया एक नंबर के एफ ब्लॉक में रहता था। वह मार्केट में मौजूद था, तभी दिल्ली जूस कॉर्नर के पास उसकी भरत नामक युवक से किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। इसके बाद भरत के साथ आए अन्य युवकों ने हिमांशु पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने पहले उसे पीटा और फिर चाकू से वार किया। चाकू लगने के बाद हिमांशु लगभग डेढ़ सौ मीटर तक भागा, लेकिन लगातार रक्तस्राव के कारण वह सड़क पर गिर गया और कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच टीमें मौके पर पहुंचीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भिजवाया गया। इस दौरान मार्केट में पत्थरबाजी भी हुई, जिसमें एक कार और बुलेट बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

