हरिद्वार हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पराली लेकर यूपी जा रहे किसान की कार की टक्कर में मौत हो गई। हादसा जमालपुर गांव के पास हुआ, जब हरियाणा से पराली की ट्रॉली लेकर लौट रहे किसान आशीष (38) सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये भी पढ़ें: हरियाणा के किसान की हरिद्वार में मौत: अनियंत्रित कार ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, मृतक आशीष शर्मा, मूल रूप से हैदरपुर, थाना कैराना (जिला शामली) के रहने वाले थे। रविवार को वे पराली लेने के लिए सनौली थाना क्षेत्र के अत्तोलापुर गांव आए थे। वापसी के दौरान जमालपुर गांव के पास ट्रॉली पलट गई, जिसके बाद वे सड़क किनारे खड़े होकर मजदूरों का इंतजार कर रहे थे। उसी समय तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल आशीष को तुरंत स्थानीय निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से परिजन उन्हें जीटी रोड स्थित एक अन्य अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान रात करीब दस बजे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

