Site icon Dainik Savera Times

गेट पास नहीं कटा, तो भड़का किसान, गेट पास बनाने वाले कमरे पर जड़ा ताला

कुरुक्षेत्र : थानेसर अनाज मंडी में मंगलवार को गेट पास नहीं कटने से एक किसान नाराज हो गया। बारवा गांव निवासी किसान गुरचरण सिंह करीब छह एकड़ धान लेकर मंडी पहुंचा था। पोर्टल पर फसल का वेरिफिकेशन नहीं दिखने के कारण गेट पास जारी नहीं हुआ तो किसान ने गेट पास बनाने वाले कमरे पर ताला जड़ दिया। करीब एक घंटे तक कमरा बंद रहने के बाद मार्केट कमेटी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसान को जल्द गेट पास जारी करवाने का आश्वासन दिया।

इसके बाद किसान ने ताला खोल दिया। किसान गुरचरण सिंह का कहना था कि उसने सरकार के नियमों के अनुसार फसल बेचने के लिए पंजीकरण कराया हुआ है। इसके बावजूद मंडी पहुंचने पर उसे बताया गया कि पोर्टल पर उसकी रजिस्ट्रेशन दिखाई नहीं दे रही। किसान के अनुसार, पहले उसे सुबह सिस्टम चलने का इंतजार करने को कहा गया, लेकिन बाद में वेरिफिकेशन के लिए पटवारी के पास जाने की बात कही गई। इससे वह नाराज हो गया।

माचिस निकाल कर जताया रोष:

गेट पास नहीं कटने से आक्रोशित किसान ने मौके पर जेब से माचिस निकाल ली और अधिकारियों के सामने आत्मदाह करने की धमकी दी। उसने कहा कि यदि गेट पास नहीं काटा गया, तो वह यहीं आग लगा लेगा। किसान का कहना था कि उसका ट्रैक्टर-ट्रॉली मंडी में खड़ा है और वह सुबह से फसल लेकर इंतजार कर रहा है। मामले की सूचना मिलने पर शहीद भगत सिंह किसान यूनियन के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। यूनियन पदाधिकारियों ने किसान को समझाया और मार्केट कमेटी के अधिकारियों से बातचीत की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसान शांत हुआ और उसने गेट पास वाले कमरे का ताला खोल दिया।

कई किसानों को वेरिफिकेशन में परेशानी:

यूनियन के महासचिव दिलबाग सिंह ने कहा कि पोर्टल पर फसल के वेरिफिकेशन को लेकर कई किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार, अभी करीब 20 प्रतिशत किसानों का ही वेरिफिकेशन पोर्टल पर दिखाई दे रहा है और धीरे-धीरे समस्या दूर होने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि मंडियों में फसल लेकर पहुंच रहे किसानों को गेट पास के लिए अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्था सुचारु की जानी चाहिए।

Exit mobile version