Site icon Dainik Savera Times

ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली जा रहे किसानों को बसताड़ा टोल पर रोका

घरौंडा : भारत-अमरीका ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली के किसान घाट पर होने वाली महापंचायत में शामिल होने जा रहे किसानों को करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा पर पुलिस और सीआरपीएफ ने रोक लिया। इस दौरान मौके पर जाम की स्थिति बन गई और किसान व सुरक्षाबल आमने-सामने आ गए। करीब आधे घंटे तक नैशनल हाइवे जाम रहा, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। किसानों को रोकने के बाद पुलिस और सीआरपीएफ ने उन्हें समझाने की कोशिश की।

किसान मनजीत सिंह, कर्मसिंह, रीटा चहल व अन्य किसानों ने कहा कि 21 जुलाई को किसान संगठनों की ओर से दिल्ली के किसान घाट पर पहुंचने की कॉल दी गई थी, जिसके तहत वे दिल्ली जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बसताड़ा टोल पर उनकी गाड़ियों को रोक दिया गया, लेकिन वे किसी भी हाल में दिल्ली जरूर पहुंचेंगे। किसानों ने भारत-अमरीका ट्रेड डील का विरोध करते कहा कि इससे देश के किसानों को बड़ा नुकसान होगा। इसी मुद्दे को लेकर किसान संगठनों ने दिल्ली में एकजुट होने का फैसला लिया है।

पैदल कूच करते किसान घरौंडा रेस्ट हाउस तक पहुंच गए, जहां पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि दिल्ली के किसान घाट पर चल रहा धरना पहले ही समाप्त करवा दिया गया था। ऐसे में किसानों ने आगे बढ़ने का फैसला नहीं लिया और वहीं रुक गए। घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार का कहना है कि रेस्ट हाउस से ही किसान वापिस लौट गए थे। स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

Exit mobile version