Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

किसान मार्च को देखते हुए अंबाला के कुछ इलाकों में इंटरनेट सेवा ठप

December 14, 2024

किसान मार्च को देखते हुए अंबाला के कुछ इलाकों में इंटरनेट सेवा ठप

Farmers March : किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए अंबाला जिले के कुछ हिस्सों में 14 दिसंबर से 17 दिसंबर तक इंटरनेट सेवाएं बाधित रहेंगी। यह आदेश हरियाणा सरकार के गृह विभाग ने दूरसंचार अधिनियम, 2023 और दूरसंचार (सेवाओं का अस्थायी निलंबन) नियम, 2024 के तहत जारी किया है।

आदेश का उद्देश्य शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना और इंटरनेट के दुरुपयोग से फैलने वाली अफवाहों को रोकना बताया गया है। पंजाब- हरियाणा बॉर्डर पर बीते 10 महीनों से प्रदर्शन कर रहे किसान दिल्ली कूच की तैयारी करेंगे। 101 किसानों का जत्था दिल्ली की ओर बढ़ेगा।

किसानों के दिल्ली की ओर मार्च के मद्देनजर हरियाणा में 14 दिसंबर (06:00 बजे) से 17 दिसंबर (23:59 बजे) तक अंबाला के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी गई हैं।

अफवाहों को रोकने के लिए इंटरनेट सेवा बंद-
प्रशासन की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर आदि जैसे कई सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से गलत सूचना और अफवाहों के प्रसार को रोकने के लिए इंटरनेट सेवा बंद की गई है।

हिंसक हो जाती है भीड़-
आदेश के मुताबिक आंदोलनकारियों और प्रदर्शनकारियों की भीड़ कभी कभी हिंसक हो जाती है। आशंका रहती है कि आगजनी या बर्बरता और अन्य प्रकार की हिंसक गतिविधियों से सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।

इन क्षेत्रों में बंद होगा इंटरनेट-
यह आदेश अंबाला के अधिकार क्षेत्र में आने वाले गांवों ढंग डेयरी, लोहगढ़, मानकपुर, डडियाना, बारी घेल, छोटी घेल, लरसा, कालू माजरा, देवी नगर (हीरा नगर, नरेश विहार), सद्दोपुर, सुल्तानपुर और काकरू के क्षेत्र में शांति और सार्वजनिक व्यवस्था में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए जारी किया गया है।

बता दें कि एमएसपी समेत कई मांगों को लेकर पंजाब और हरियाणा के किसान दिल्ली जाने की कोशिश कर रहे हैं। शनिवार को स्टार पहलवान एवं कांग्रेस किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंग पूनिया शंभू बॉर्डर जाकर किसानों को समर्थन देंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें