Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

एमएसपी और भुगतान को लेकर किसानों का आक्रोश, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

October 18, 2026

एमएसपी और भुगतान को लेकर किसानों का आक्रोश, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

Farmers Protest Outside BJP Office Over Paddy Procurement : करनाल। मंडियों में धान की सरकारी खरीद और किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिलने के मुद्दे पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा।

धान खरीद में जारी गतिरोध से नाराज किसान संगठनों ने एकजुट होकर भाजपा के जिला कार्यालय कर्ण कमल के बाहर प्रदर्शन किया और पुतला फूंककर विरोध जताया। इस दौरान भाजपा कार्यालय के गेट के सामने प्रदर्शन करने पर अड़े किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने प्रयास किया, जिससे पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसके बावजूद किसानों ने गेट के सामने अपना विरोध जारी रखा। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए भाजपा कार्यालय के अंदर और बाहर पुलिस का सुरक्षा घेरा तैनात किया गया था।

किसान संगठन धान खरीद की व्यवस्था में आ रही दिक्कतों और किसानों को हो रहे नुकसान को लेकर नाराज थे। प्रदर्शनकारी भाजपा कार्यालय के गेट के बाहर पुतला फूंकने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई। हालांकि, किसान अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन पर अड़े रहे। किसानों ने आरोप लगाया कि अक्टूबर महीना बीतने को है, लेकिन मंडियों में धान की सरकारी खरीद एमएसपी पर नहीं हो रही। मजबूरी में कई किसानों को अपनी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से कम भाव पर बेचनी पड़ी है।

किसानों का कहना था कि सरकार की ओर से बार-बार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर समस्या का समाधान नहीं हो रहा। प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोप लगाया कि धान सीजन के दौरान व्यापारियों ने किसानों की मजबूरी का फायदा उठाया और उन्हें कम भाव पर फसल बेचने के लिए मजबूर होना पड़ा। किसानों ने इस स्थिति के लिए सरकारी व्यवस्था को भी जिम्मेदार ठहराया। उनका यह भी कहना था कि जिन किसानों ने अपनी फसल बेच दी है, उनमें से कई को अभी तक भुगतान नहीं मिला है। किसानों ने धान खरीद की व्यवस्था दुरुस्त करने, एमएसपी पर फसल खरीदने और लंबित भुगतान जल्द जारी करने की मांग उठाई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें