Site icon Dainik Savera Times

फतेहाबाद में करंट लगने से निगम कर्मी की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, अस्पताल में हंगामा

फतेहाबाद। उपमंडल के गांव रसूलपुर में बिजली का कार्य करते समय लाइन में अचानक करंट आने से हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत कार्यरत कर्मचारी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और धरना शुरू कर दिया। परिजनों ने बिजली निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मृतक की पहचान गांव हिंदालवाला निवासी 51 वर्षीय बसंत कुमार के रूप में हुई है। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।

मृतक के बेटे मोहित ने बताया कि मार्च महीने में भी बिजली का काम करते समय उसके पिता गिर गए थे, जिसके बाद उनके पैर में रॉड डालकर ऑपरेशन किया गया था। लंबी छुट्टी के बाद उन्होंने शुक्रवार को ही ड्यूटी ज्वाइन की थी और आज यह दर्दनाक हादसा हो गया।

मोहित ने सवाल उठाया कि जब बिजली निगम की ओर से लाइन का परमिट लिया गया था तो फिर लाइन में करंट कैसे आया। उसने कहा कि उसके पिता के पैर में रॉड लगी थी, इसके बावजूद उन्हें लाइन पर चढ़ाना लापरवाही का मामला है।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी उमेद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

Exit mobile version