Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

टोहाना में रात के सन्नाटे में कमरे से गूंजी गोली की आवाज,जाने क्यों की महिला ने आत्महत्या?

December 2, 2025

टोहाना में रात के सन्नाटे में कमरे से गूंजी गोली की आवाज,जाने क्यों की महिला ने आत्महत्या?

फतेहाबाद। उपमंडल टोहाना के गांव खनोरी में सोमवार देर रात एक 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे क्षेत्र को सकते में डाल दिया। महिला ने अपने पति की लाइसेंसी पिस्तौल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान हरदीप कौर पत्नी गुरप्यार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना रात करीब 10 से 11 बजे के बीच की है। परिवार के सदस्यों ने अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनी। जब वे हरदीप कौर के कमरे में पहुंचे तो वह रक्तरंजित अवस्था में फर्श पर गिरी मिलीं। उनके सिर में गोली लगी थी और उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शादी राम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम टीम की मदद से घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को नागरिक अस्पताल, टोहाना की मोर्चरी भेज दिया।

हरदीप कौर मूल रूप से पंजाब के जिला संगरूर की रहने वाली थीं। उनके पति गुरप्यार सिंह टोहाना के सैनी चौक पर “इटालियन मास्टर” नाम से होटल संचालित करते हैं। लगभग दो वर्ष पहले उनके होटल पर रंगदारी के लिए फायरिंग की दो घटनाएं हुई थीं। इसके बाद सुरक्षा कारणों से गुरप्यार सिंह को हथियार का लाइसेंस जारी किया गया था। घर में रखी इसी पिस्तौल से हरदीप कौर ने आत्महत्या की।

मृतका पीछे दो छोटी बेटियां छोड़ गई हैं—एक दो वर्ष की और दूसरी मात्र चार माह की। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस के अनुसार, आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और न ही कोई सुसाइड नोट मिला है। मृतका के मायके पक्ष के आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए घटना की गहन जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें