खरखौदा : हरियाणा के सोनीपत में पिता और बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गईं। हमलावर स्कॉर्पियो से आए थे और बाइक सवार पिता- पुत्र पर करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग की। दोनों ने बचने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने मौत होने तक उन पर गोलियां बरसाईं। इसके बाद हमलावर भागने लगे तो उनकी स्कॉर्पियो रेलिंग से टकरा गई। इस पर हमलावरों ने अपनी स्कॉर्पियो को वहीं छोड़ दिया और एक युवक की बाइक छीनकर उससे फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही खरखौदा थाना पुलिस और एसीपी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पिता-पुत्र की मौत हो चुकी थी। पुलिस टीम ने दोनों को अस्पताल भी भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान धर्मवीर (50) और उसके बेटे मोहित (25) के रूप में हुई है, जो खरखौदा के पास स्थित गांव गोपालपुर के निवासी थे। दोनों सोनीपत कोर्ट में पेशी पर जा रहे थे। हत्या क्यों की गई ? अभी इसकी जानकारी नहीं मिली है। पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में इलाके के सीसीटीवी खंगाल रही है। स्कोर्पियो को भी कब्जे में ले लिया गया है।

