यमुनानगर : यमुनानगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता पर अपनी ही डेढ़ साल की मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने किया है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना साढ़ौरा क्षेत्र की है। पीडि़त परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से साढ़ौरा में रहकर मजदूरी कर रहा है।
परिवार में तीन बच्चे हैं, जिनमें डेढ़ साल की बच्ची सबसे छोटी है। घटना के दिन पति-पत्नी दोनों मजदूरी पर गए हुए थे। महिला के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे उसका पति नशे की हालत में घर वापस आ गया। जब वह सवा दो बजे घर लौटी, तो उसने जो देखा, उससे उसके होश उड़ गए। आरोप है कि उसका पति अपनी ही डेढ़ साल की बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास कर रहा था। महिला ने मौके पर ही अपने पति को रंगे हाथों पकड़ लिया और शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग एकत्रित हो गए।
महिला ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। बाद में आरोपी को महिला थाना पुलिस को सौंप दिया गया। एसएचओ महिला थाना शीलावंती ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीडि़त बच्ची का मेडिकल करवाया गया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और मामले के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

