Site icon Dainik Savera Times

SV और ACB की बड़ी कार्रवाई; महिला ASI और निजी व्यक्ति 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

फतेहाबाद: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए फतेहाबाद जिले में तैनात एक महिला सहायक उपनिरीक्षक (L/ASI) तलविंदर कौर तथा उसके सहयोगी निजी व्यक्ति कस्तूरी को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि भट्टू कलां थाना में तैनात L/ASI तलविंदर कौर उसके पुत्र के खिलाफ प्राप्त शिकायत पर एफआईआर दर्ज न करने की एवज में 35 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रही है। आरोपी ने रिश्वत राशि प्राप्त करने के लिए अपने सहयोगी निजी व्यक्ति कस्तूरी को माध्यम बनाया था। मामले की पुष्टि करने के उपरांत SV&ACB फतेहाबाद इकाई ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया। टीम ने कार्रवाई करते हुए निजी व्यक्ति कस्तूरी को 35 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

जांच के दौरान महिला ASI तलविंदर कौर की संलिप्तता भी सामने आई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में थाना SV&ACB हिसार में FIR नंबर 20 दिनांक 23 जून 2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 एवं 7A के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की गहन जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version