Site icon Dainik Savera Times

करनाल सेक्टर-9 में महिला क्लर्क की गोली मारकर हत्या, आरोपी सीसीटीवी में कैद

करनाल : करनाल के सेक्टर-9 में दोपहर घर के बाहर बैठी एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब महिला अपने घर के बाहर स्कूटी पर बैठी थी। इसी दौरान हेलमेट पहनकर आए युवक ने नजदीक से उसके सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान 40 वर्षीय डिंपल अरोड़ा के रूप में हुई है। वह बिजली निगम में क्लर्क के पद पर कार्यरत थीं और कर्मचारी यूनियन से भी जुड़ी हुई थीं। घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में दिख रहा है कि आरोपी पीछे से आता है और महिला के सिर पर नजदीक से फायर कर फरार हो जाता है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, डिंपल दोपहर के समय घर आई थीं। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले तो महिला जमीन पर गिरी मिली।

शुरुआत में लोगों को घटना का अंदाजा नहीं हुआ, लेकिन सिर से खून बहता देख तुरंत अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है। हत्या के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।

Exit mobile version