Site icon Dainik Savera Times

सफीदों में गुलाल बनाने वाली फैक्टरी में लगी आग; 4 महिलाओं की मौत, 11 लोग घायल

चंडीगढ़़ : जींद जिले में शनिवार को एक गुलाल निर्माण इकाई में आग लगने से 4 महिला श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 11 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आग कथित तौर पर कारखाने के प्रवेश द्वार पर लगी और उसके बाद धुआं फैक्टरी के अंदर फैल गया। उसने बताया कि यह फैक्टरी सफीदों की भाट कॉलोनी के एक आवासीय क्षेत्र में स्थित है। पुलिस ने बताया कि कुछ मजदूरों ने अपनी जान बचाने के लिए कारखाने की छत से छलांग लगा दी। उन्होंने बताया कि पुलिस और दमकल विभाग के कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से जलती फैक्टरी से श्रमिकों को बचाने के लिए एक चारदीवारी तोड़ दी।

पुलिस ने बताया कि आग बुझाने के लिए कई दमकल वाहनों का इस्तेमाल किया गया, जबकि पीड़ितों को विभिन्न अस्पतालों में ले जाने के लिए एम्बुलेंस को घटनास्थल पर भेजा गया। हालांकि, आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। जींद के पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि आग लगने से चार महिला कामगारों की मौत हो गई। इनमें से तीन की उम्र लगभग 50 वर्ष, जबकि चौथी महिला 36 वर्ष की थी। अधिकारी ने बताया, इस घटना में करीब 10-11 लोग घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Exit mobile version