घरौंडा : घरौंडा के कोटिया कालोनी में एक घर के अंदर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास खड़ी स्पोर्ट्स बाइक भी इसकी चपेट में आ गई। पूरे घर में धुआं भर गया, जिससे परिवार के लोगों का दम घुटने लगा। समय रहते परिवार जाग गया और किसी तरह से बाहर निकाला गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
शुरुआती जांच में आग का कारण बैटरी में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। कोटिया कालोनी निवासी शिव कुमार पंडित ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2023-24 में घरौंडा की सर्विस रोड स्थित एक एजेंसी से 60 हजार रुपए में इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। वर्ष 2025 में स्कूटी की बैटरी खराब हो गई, जिसके बाद 22 हजार रुपए खर्च कर नई बैटरी डलवाई गई। इसके बावजूद स्कूटी में लगातार दिक्कतें बनी रहीं। उन्होंने बताया कि बीती रात स्कूटी को चार्जिंग पर लगाया था और चार्ज होने के बाद चार्जर हटा दिया था।
आधी रात को अचानक धुएं से सांस लेने में परेशानी हुई तो आंख खुली। नीचे जाकर देखा तो स्कूटी में आग लगी हुई थी। पास जाने की कोशिश की तो बैटरी में तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया और स्कूटी तेजी से जलने लगी। आग बुझाने की कोशिश में उनका हाथ भी झुलस गया। शिव कुमार ने बताया कि परिवार के 7 सदस्य ऊपर के कमरे में सो रहे थे। इस आगजनी में घर के दरवाजे जल गए और लेंटर में भी दरारें आ गईं। शिव कुमार ने बताया कि गनीमत रही कि नीचे रहने वाले किरायेदार उस समय घर पर नहीं थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

