Site icon Dainik Savera Times

भिवानी में कबाड़खाने में आग का तांडव, 5 बच्चों समेत सात झुलसे

Bhiwani scrap shop fire

Bhiwani scrap shop fire

हरियाणा डेस्क: हरियाणा के भिवानी शहर के बावड़ी गेट इलाके में शुक्रवार सुबह एक कबाड़खाने में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।

सुबह करीब 10 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे बावड़ी गेट पर विक्की नाम के व्यक्ति की कबाड़ी की दुकान में आग भड़क उठी। दुकान में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का कबाड़ और खाली बोतलें जमा थीं। देखते ही देखते आग ने प्लास्टिक के सामान को अपनी चपेट में ले लिया और लपटें तेज़ी से फैलने लगीं। उस समय वहां कुछ लोग और बच्चे कचरा बीनने का काम कर रहे थे। अचानक आग फैलने से भगदड़ मच गई। आग की चपेट में आकर पांच बच्चे और दो बड़े झुलस गए।

सात लोग घायल

इस हादसे में 40 वर्षीय विक्की, 36 वर्षीय नीता, 10 वर्षीय शुभम, 13 वर्षीय प्राची, 10 वर्षीय शिवम, 15 वर्षीय आदित्य और 15 वर्षीय कार्तिक घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत भिवानी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

दमकल की पांच गाड़ियों ने पाया काबू

अग्निशमन विभाग के कर्मचारी संजय शर्मा ने बताया कि सुबह 10 बजकर 15 मिनट पर आग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग से गोदाम में रखा प्लास्टिक का कबाड़ जलकर राख हो गया। बाकी नुकसान का सही आकलन गोदाम मालिक द्वारा किया जाएगा।

पुलिस ने भी संभाली स्थिति

ट्रैफिक एसएचओ संजय ने बताया कि वे ड्यूटी पर पास ही मौजूद थे, तभी उन्होंने धुआं उठता देखा। उन्होंने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर इसकी सूचना दी। आसपास मौजूद लोगों ने भी मदद की। कुछ मजदूर बाउंड्री फांदकर बाहर निकल आए। दमकल विभाग की टीम समय पर पहुंच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है और आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

Video: HPSC मुद्दे पर भड़के छात्र, हरियाणा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी

Exit mobile version