Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

पुराने टायरों को जलाकर तेल, पाऊडर व तार निकालने वाले कारखाने में लगी आग

June 13, 2024

पुराने टायरों को जलाकर तेल, पाऊडर व तार निकालने वाले कारखाने में लगी आग

भूना: हिसार रोड पर बैजलपुर गांव के नजदीक पुराने टायरों को जलाकर तेल और पाऊडर व तार निकालने वाले एक कारखाने में बुधवार की अलसुबह अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। आग ने फैक्टरी के पूरे एरिया को चपेट में ले लिया। आगजनी की सूचना पर फतेहाबाद, टोहाना, रतिया, भूना, उकलाना व धारसूल से पहुंची दमकल विभाग 10 से ज्यादा गाड़ियों के फायर कर्मियों ने करीब नौ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। परंतु आगजनी की घटना से फैक्ट्री में लगभग 60 लाख से अधिक का सामान जलकर खाक हो गया।

हिसार रोड पर स्थित बैजलपुर गांव के निकट बाबा राणाधीर केमिकल फैक्टरी है। इसमें पुराने टायरों को जलाकर तेल, पाऊडर और तार निकालने का काम होता है। फैक्टरी में बुधवार की अलसुबह कर्मचारी काम पर लगे थे। सुबह करीब दो बजे बॉयलर के पास से आग की लपटें निकलते देख कर्मचारियों ने उसे बुझाने का प्रयास किया लेकिन, वह थमने की बजाय और फैल गईं। आग चपेट में फैक्टरी परिसर में रखे पुराने टायरों और तेल को चपेट में ले लिया। आग भड़कती देख कर्मचारियों ने फैक्टरी से बाहर भागकर अपनी जान बचाई और फैक्ट्री के मालिक को घटनाक्र म से अवगत करवाया। सूचना मिलते ही फैक्ट्री के मालिक मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के लिए फतेहाबाद व हिसार जिला के दमकल विभाग से मदद मांगी।

सूचना पर सर्वप्रथम भूना व फतेहाबाद व टोहाना के दमकल की पांच गाड़ियां पहुंची। चूंकि फैक्टरी खुले एरिया में है और पूरे परिसर में टायर और तेल रखे होने की वजह से आग पूरे परिसर तक फैल गई। इसलिए उकलाना व रितया तथा धारसूल के दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। टायर जलने से आसमान में काला धुआं और लपटें उठ रही थी। इसलिए आग बुझाने में दमकल कर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। करीब नौ घंटे तक जूझने के बाद दोपहर करीब सवा 12 बजे आग पर काबू पाया जा सका। फैक्ट्री के मालिक मुकेश कुमार ने बताया कि आग लगने के कारण का अभी कोई सुराग नहीं लगा है।

परंतु आगजनी से उन्हें 50 से 60 लाख का नुक्सान हो गया। फैक्ट्री में तेल के अतिरिक्त मशीनें एवं टायर जल कर राख हो गए। इस संबंध में थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि बुधवार की सुबह-सुबह बैजलपुर गांव के पास पुराने टायरों का तेल व पाउडर निकालने वाली फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कंट्रोल रूम को सूचित किया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।लेकिन बड़ी जनहानि होने से बच गई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें