Property Dealer Office firing : गुरुग्राम के सेक्टर 45 में गुरुवार देर रात प्रॉपर्टी डीलिंग कंपनी एमएनआर बिल्डमार्क के ऑफिस पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 25 से 30 राउंड गोलियां चलाईं। गोलीबारी की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
फायरिंग की सूचना मिलते ही थाना पुलिस, क्राइम टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में ऑफिस के शीशों और परिसर में खड़ी लग्जरी गाड़ियां बीएमडब्ल्यू और जगुआर पर गोलियों के कई निशान पाए गए। घटना के बाद से बिल्डर और उनके स्टाफ ने कोई बयान नहीं दिया है।
एमएनआर बिल्डमार्क का यह ऑफिस 11 नामी बिल्डरों से जुड़ा है, जो गुरुग्राम और दिल्ली-एनसीआर में बड़े प्रोजेक्ट्स की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह फायरिंग विदेश में बैठे कुछ गैंगस्टरों के इशारे पर की गई हो सकती है और रंगदारी वसूली से जुड़ा मामला लग रहा है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें
गुरुग्राम में हाल के महीनों में ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। इससे पहले गायक राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग हुई थी और उनके करीबी रोहित शौकीन की हत्या कर दी गई थी। पिछले महीने ही यूट्यूबर एलविश यादव के घर के बाहर भी करीब 25 से 30 राउंड गोलियां चलाई गई थीं। इन मामलों में पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था और जांच में सामने आया था कि विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ, दीपक नांदल और सुनील सरधानिया क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी का दावा
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गुरुवार रात हुई इस फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर गैंगस्टर दीपक नांदल की ओर से एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें इस वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि पोस्ट की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

