Site icon Dainik Savera Times

गुरुग्राम में प्रॉपर्टी ऑफिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग, इस गैंग ने ली जिम्मेदारी

हरियाणा डेस्क। गुरुग्राम के सेक्टर-45 में गुरुवार रात को एक प्रॉपर्टी मार्केटिंग कंपनी के ऑफिस पर बदमाशों ने गोलियां चला दीं। यह ऑफिस एमएनआर बिल्डर का है और यह जगह मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित है। पुलिस के मुताबिक, करीब 5 नकाबपोश बदमाशों ने ऑफिस पर धावा बोला और 30 से ज्यादा गोलियां चला दीं। अचानक हुई इस फायरिंग से आसपास के लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

इस गोलीबारी में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ, लेकिन ऑफिस को भारी नुकसान पहुंचा। ऑफिस के शीशे चकनाचूर हो गए और परिसर में खड़ी एक कार भी गोलियों से क्षतिग्रस्त हो गई।

 

पुलिस टीम मौके पर पहुंची
जैसे ही पुलिस को सूचना मिली, टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि यहां पर कई राउंड फायरिंग हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

गैंगस्टर ने ली जिम्मेदारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले की जिम्मेदारी गैंगस्टर दीपक नंदल ने ली है। उसने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर दावा किया कि बिल्डर ने उसके पैसे नहीं दिए थे, इसलिए उसने हमला करवाया। नंदल ने चेतावनी देते हुए लिखा कि जो भी उसे पैसे नहीं देगा, उसका यही हाल होगा। यह पोस्ट पुलिस के लिए एक खुला चैलेंज माना जा रहा है।

सोशल मीडिया पोस्ट की जांच में जुटी पुलिस
गुरुग्राम पुलिस ने इस वायरल पोस्ट को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल को जांच में लगाया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमला सच में दीपक नंदल के कहने पर हुआ या इसमें किसी और गैंग का हाथ है।

इलाके में फैली दहशत
स्थानीय लोगों ने बताया कि रात को अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी। लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए और चारों तरफ भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोगों ने कहा कि उन्होंने पहली बार इतनी ज्यादा गोलियां चलती हुई देखी और सुनीं।

 

Exit mobile version