Site icon Dainik Savera Times

अंबाला के 4 स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, अलर्ट पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां

Ambala schools received bomb threats

Ambala schools received bomb threats

हरियाणा डेस्क: अंबाला में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शहर के चार नामी स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी भरा मेल सुबह करीब 8 बजकर 22 मिनट पर भेजा गया, जिससे स्कूल प्रशासन, छात्रों और अभिभावकों में डर का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और बिना समय गंवाए कार्रवाई शुरू कर दी गई।

अब तक अंबाला सिटी के एसए जैन स्कूल, अंबाला कैंट स्थित पुलिस डीएवी रिवरसाइड स्कूल और केंद्रीय विद्यालय नंबर 1 का नाम सामने आया है। इसके अलावा कुछ अन्य स्कूलों को भी इसी तरह की ईमेल मिलने की जानकारी सामने आई है। सभी स्कूलों में एहतियात के तौर पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

ये भी पढ़ें: Himachal: पोंग डैम झील में दिखीं पक्षियों की दो नई प्रजातियां, पहचान करने की प्रक्रिया शुरू

पुलिस डीएवी रिवरसाइड स्कूल की प्रिंसिपल सीमा ने बताया कि उन्हें सुबह 8:22 बजे धमकी भरी मेल मिली थी। इसके तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और सुरक्षा टीम ने पूरे स्कूल परिसर की जांच की, लेकिन अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। स्कूल प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस के साथ पूरा सहयोग किया।
महेश नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र ढिल्लो ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्कूल परिसर की गहन जांच की गई। स्कूल के बाहर पीसीआर वैन और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी तरह की घबराने वाली बात नहीं है।

इस घटना के बाद भी अभी तक स्कूलों की छुट्टी को लेकर कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है। प्रशासन और स्कूल प्रबंधन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह किसी शरारती तत्व की हरकत भी हो सकती है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा रहा।
वहीं, सैन्य क्षेत्र में स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर 1 को धमकी मिलने के बाद सेना की सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गईं। स्कूल के बाहर सेना के जवान तैनात कर दिए गए हैं। कक्षा कक्षों, मैदान और स्कूल परिसर में खड़े वाहनों तक की बारीकी से जांच की गई। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

ये भी पढ़ें: हिमाचल में पटवारी के 530 पदों के लिए करीब 1.87 लाख युवाओं ने किया आवेदन

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल सभी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।

Exit mobile version