Site icon Dainik Savera Times | Hindi News Portal

ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 25 लाख रुपए की ठगी

पूंडरी: मुंबई के रहने वाले दंपति ने एक युवक को झांसा देकर 25 लाख रुपए ठग लिए। पुंडरी पुलिस ने पति-पत्नी व एक अन्य युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। गांव खनौदा निवासी मुकेश की शिकायत पर पुंडरी पुलिस द्वारा सोमवार रात को दर्ज किए गए मामले के अनुसार प्लाजा वीरा देसाई मुंबई निवासी सिराजुद्दीन मुहम्मद अंसारी, उसकी पत्नी रक्षा नंदा अंसारी और नितिन को इस धोखाधड़ी के मामले में नामजद किया गया है। शिकायत में मुकेश ने बताया कि सिराजुद्दीन अंसारी अपनी पत्नी वह एक अन्य युवक के साथ मिलकर लोगों को विदेश भेजने का काम करते हैं।

वे पहले भी उसके एक रिश्तेदार सतवीर को अमेरिका भेज चुके हैं। इसके बाद उसने भी ऑस्ट्रेलिया जाने के लिए इन लोगों से बात की। इसके बाद उन्होंने उसे ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए 25 लाख रुपए की मांग की। उन्होंने उसे टूरिस्ट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए 25 लाख रुपए भी ले लिए। इन लोगों का कहना था कि उनके विदेश में भी कार्यालय हैं। 4 अप्रैल 2023 को ये सभी लोग पुंडरी बस स्टैंड पर आए थे जहां उन्होंने उसे उसके कागजात और 10 लिख रुपए नगद लिए थे।

जून 2023 तक उन्होंने उसे विदेश भेजने के लिए 25 लाख रुपए ले लिए थे। कुछ दिन बाद उन्होंने उसका वीजा भी भेजा था। जब उसने फ्लाइट के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा जल्द ही उसका टिकट भिजवा दिया जाएगा। जब उसने ऑस्ट्रेलिया का वीजा चेक करवाया तो वह फर्जी निकला। जब उसने इन ट्रैवल एजेंट से बात की तो वह उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version