Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

15 जनवरी को हरियाणा में लॉन्च होगा ‘घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस’ अभियान

January 10, 2024

15 जनवरी को हरियाणा में लॉन्च होगा ‘घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस’ अभियान

चंडीगढ़: हरियाणा में 15 जनवरी से ‘घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस’ अभियान की शुरुआत होने जा रही है। इसका मकसद हर घर और हर वोटर तक कांग्रेस की नीतियों और सरकार की नाकामियों को पहुंचना है। आज चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में पार्टी की प्रदेश स्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया। इसकी अध्यक्षता पार्टी प्रभारी दीपक बाबरिया ने की। पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा, पार्टी विधायक, पूर्व विधायक, वरिष्ठ नेता और कांग्रेस वॉलिंटियर्स बैठक में शामिल हुए।

दीपक बाबरिया ने बताया कि हरियाणा कांग्रेस लगातार चुनावी मोड में कार्य कर रही है। 14 तारीख से राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू होने जा रही है। इसे भी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तरह ऐतिहासिक समर्थन मिलने की उम्मीद है। ठीक इसके अगले दिन हरियाणा कांग्रेस की तरफ से नए अभियान की शुरुआत कर दी जाएगी। इससे पहले लगातार पार्टी द्वारा जन आक्रोश रैलियां हो रही हैं, जिनको जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। अब ‘हर घर कांग्रेस’ अभियान के जरिए वोटर्स से वन टू वन संवाद स्थापित किया जाएगा। कार्यकर्ता जनता को बताएंगे कि कैसे कांग्रेस अपने वादे निभाने के लिए जानी जाती है जबकि बीजेपी वादे तोड़ने के लिए। राजस्थान में ₹500 सिलेंडर की घोषणा से बीजेपी मुकर गई है। आज हरियाणा समेत पूरे देश में महंगाई और असमानता का माहौल है। हरियाणा के युवा देश से पलायन करने को मजबूर हैं। बीजेपी-जेजेपी ने हरियाणा में बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रत्यक्ष को प्रमाण की आवश्यकता नहीं है। हरियाणा में कांग्रेस की हवा स्पष्ट महसूस की जा सकती है। राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान मेवात और पानीपत में कांग्रेस ने रिकॉर्ड तोड़ रैलियां की। हाल ही में सिरसा में की ‘किसान मजदूर जन आक्रोश रैली’ ने भीड़ के मामले में तमाम रैलियों को पीछे छोड़ दिया। जनता के सामने बीजेपी-जेजेपी की कारगुजारियां उजागर हो चुकी हैं। कांग्रेस ने हरियाणा को प्रति व्यक्ति आय, निवेश, रोजगार देने, कानून व्यवस्था, विकास और खुशहाली में नंबर वन बनाया था, लेकिन मौजूदा सरकार ने बेरोजगारी, महंगाई, अपराध, नशे, भ्रष्टाचार और अत्याचार में प्रदेश को नंबर बना दिया। इसीलिए जनता का रुझान कांग्रस की तरफ है। प्रदेश में कांग्रेस का जनाधार लगातार विस्तार ले रहा है। निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा जैसे नेताओं के कांग्रेस में लगातार शामिल होने से पार्टी मजबूत हो रही है। जींद से वो खुद, नारनौल में चौधरी उदयभान और रोहतक से दीपेंद्र हुड्डा ‘घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस’ अभियान की शुरुआत करेंगे।

चौधरी उदयभान ने बताया कि नए अभियान के तहत बूथ लेवल पर 31-31 लोगों की कमेटी बनेगी। इस कमेटी की जिम्मेदारी बोगस वोटो को कटवाना, लोगों की समस्याओं को जानना और उनको सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस से जोड़ना होगी। पार्टी की तरफ से दिल्ली और चंडीगढ़ में वार रूम बनाए जाएंगे। दिल्ली वार रूम का चेयरमैन जयदीप धनखड़ को, को-चेयरमैन अमित यादव , अजय छिकारा जी को बनाया गया है। वहीं चंडीगढ़ वार रूम के को चेयरमैन चांदवीर हुड्डा, रविंद्र रावल और पवन जैन को बनाया गया है। इसके अंतर्गत 30 कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए जाएंगे, जो सभी 10 लोकसभा क्षेत्रों विभिन्न जिम्मेदारियों को निभाएंगे। आने वाले दिनों में पूरा प्रदेश कांग्रेस के रंग में रंगा नजर आएगा।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सत्ता में होने के बावजूद भाजपा-जेजेपी के नेता पार्टी छोड़ रहे हैं और विपक्ष में होने के बावजूद लगातार कांग्रेस में ताबड़तोड़ जॉइनिंग हो रही हैं। अब तक अन्य दलों से 37 पूर्व मंत्री विधायक और पूर्व विधायक कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। यह पार्टी की सक्रियता का नतीजा है क्योंकि पिछले साढ़े चार साल में कांग्रेस ने एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाई है। प्रत्येक वर्ग के संघर्ष में कांग्रेस साथ खड़ी नजर आई है। हरियाणा ने हमेशा इतिहास रचा है। चाहे किसान हो या पहलवान, हरियाणवियों के संघर्ष के आगे हमेशा सरकार को झुकना पड़ा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें