Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

लड़की ने ठुकराया शादी का प्रस्ताव, दोस्त ने कर दिया हमला, आरोपी गिरफ्तार

March 12, 2025

लड़की ने ठुकराया शादी का प्रस्ताव, दोस्त ने कर दिया हमला, आरोपी गिरफ्तार

Girl Rejected Marriage Proposal : गुरुग्राम पुलिस ने एक महिला की हत्या की कोशिश करने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। दरअसल महिला ने शादी का प्रस्ताव ठुकरा दिया था। आरोपी की पहचान बिहार के गया निवासी मिंटू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर से पुलिस टीम को सूचना मिली कि कासन गांव की पहाड़ी में एक महिला घायल अवस्था में पड़ी है।

सूचना मिलने पर पुलिस की टीम ने पीड़िता को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जब जांच टीम अस्पताल पहुंची तो घायल महिला बयान देने की स्थिति में नहीं थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का सीन ऑफ क्राइम, फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वायड टीमों से निरीक्षण कराया है। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस टीम को लिखित शिकायत के माध्यम से बताया कि वह गांव भंगरोला में किराए के मकान में रहती है और आईएमटी मानेसर के सेक्टर-8 स्थित एक कंपनी में काम करती है।

उसकी दोस्ती मिंटू नाम के एक व्यक्ति से हो गई थी। वह अपनी सहेली और मिंटू के साथ कासन गांव स्थित मंदिर में दर्शन करने गई थी। बाद में वह और मिंटू अपनी सहेली को मंदिर में छोड़कर कासन गांव की पहाड़ियों में घूमने चले गए। वहां मिंटू ने उससे कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है, लेकिन उसने शादी करने से इनकार कर दिया।

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया, ‘मिंटू को गुस्सा आ गया और उसने उसे नीचे गिरा दिया और लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। उसने उसके सिर और चेहरे पर पत्थर से वार किया। उसे मरा हुआ समझकर वह मौके से भाग गया। वह पूरी रात पहाड़ी पर पड़ी रही। अगले दिन पुलिस टीम ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। मिंटू ने उसे जान से मारने की नीयत से घायल किया था।‘

पीड़िता की शिकायत के बाद गुरुग्राम के सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान गुरुग्राम पुलिस की मानेसर अपराध शाखा की पुलिस टीम ने आरोपी को औरंगाबाद (बिहार) से गिरफ्तार कर लिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें