Gopashtami Celebrated with Devotion at Shri Krishna Kripa Gaushala : कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण कृपा गोशाला में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के सानिध्य में गोपाष्टमी पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्वामी ज्ञानानंद जी ने गोमाता का पूजन कर उन्हें गुड़, हरा चारा और फल खिलाए। उन्होंने श्रद्धालुओं को गोसेवा का महत्व बताते हुए कहा कि गोसेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है और प्रत्येक घर में गोसेवा की भावना होनी चाहिए।

अपने आशीर्वचन मेंं गीता मनीषी स्वामी ज्ञानांनद जी महाराज ने कहा कि गौपाष्टमी पर्व के दिन कन्हैया पहले दिन गाय चराने गए थे। कन्हैया को गाय चराने की इतनी उत्सुकता थी कि उन्होने अपने कुलगुरू गर्गाचार्य से कहा कि वह आज अष्टमी के दिन का ही मुहुर्त निकाले, जबकि माता यशोदा चाहती थीं कि अभी कन्हैया छोटा है, इसलिए इसे एक दो साल बाद ही गाय चराने को जाना चाहिए। जब गर्गाचार्य को मुहुर्त निकालने के लिए माता यशोदा ने बुलाया तो गर्गाचार्य ने कहा कि अष्टमी का दिन ही सबसे श्रेष्ठ दिन है। इस प्रकार लगभग साढे तीन वर्ष की आयु में कन्हैया गाय चराने गए थे। उसी दिन से यह पर्व गोपाष्टमी के रूप में मनाया जाता है जोकि गोसेवा की प्रेरणा देता है।
गीता मनीषी ने कहा कि गोसेवा और सत्संग के लिए कोई मुहुर्त निकलवाने की जरूरत नही होती। गोसेवा और सत्संग करना सबसे अच्छा मुहुर्त है। गोसेवा से बढकर कोई सेवा नहीं। इस प्रकार जब कन्हैया प्रथम दिन गोचराने निकले तब से लेकर आज तक इस पर्व को गौपाष्टमी के रूप में मनाया जाता है। यह पर्व हमें गोमाता से भावात्मक रूप से जोड़ता है। उन्होने कहा कि आज गोसेवा और गोपूजन की जरूरत है। घर घर में गोसेवा होनी चाहिए। श्री कृष्ण कृपा गौशाला 14 वर्षांं से श्रद्धालुओं के सहयोग से गोसेवा में लगी है।
19 नवंबर को चित्र-विचित्र की होगी भजन संध्या
श्री कृष्ण कृपा गोशाला के प्रधान सुनील वत्स ने जानकारी दी कि 19 नवंबर दिन गुरुवार को सांय 6 बजे गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी के सानिध्य में संस्थानम् में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रसिद्ध भजन गायक चित्र-विचित्र अपनी प्रस्तुति देंगें। सुनील वत्स ने यह भी जानकारी दी कि देव उठावनी एकादसी के दिन 21 नवंबर दिन शनिवार को सायं 6 बजे गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के सानिध्य में तुलसी शालिग्राम विवाह उत्सव आयोजित होगा। इसमें वर पक्ष और वधु पक्ष के अलग अलग यजमान होंगें। शालिग्राम की बारात आएगी और तुलसी संग विवाह सम्पन्न होगा। इसके पश्चात विवाह उत्सव मे शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।