Site icon Dainik Savera Times

लालची ससुरालजनों ने क्रूरता की सारी हदें की पार; विवाहिता को बुरी तरह मारपीट कर घर से निकाला

चोपटा: गांव नाथूसरी कलां में एक विवाहिता से ससुरालजनों ने क्रूरता दिखाते हुए बुरी तरह मारपीट की और घसीटकर घर से बाहर निकाल दिया। घायल महिला को उपचार के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पुलिस को दी शिकायत में महिला शकुंतला पत्नी रमेश कुमार ने बताया कि वह घरेलू महिला है और ससुरालजनों द्वारा उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता है और बार-बार उसके साथ मारपीट की जाती है। इसी कड़ी में बीती 18 अप्रैल को वह अपने मायके से भाई शिव शंकर, प्रेम कुमार निवासी राजपुरा साहनी तथा रमेश निवासी ढाका ढाणी जिला फतेहाबाद के साथ ससुराल आई, लेकिन निर्दयी ससुरालजनों ने गेट तक नहीं खोला। वह दीवार कूदकर घर के अंदर चली गई।

उसको घर के अंदर देखते ही उसका ससुर दयाराम कड़वासरा आग बबूला हो गया और अंदर से डंडा उठाकर लाया और उसके साथ बेहरमी से मारपीट करने लगा। उसकी सास गुड्डी देवी ने उसको बालों से पकड़े रखा और ससुर ने डंडे से कई वार किए, जिससे वह बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में उसकी सास ने उसे घसीट कर बाहर निकाल दिया। ससुरालजनों के इस कृत्य की उसका भाई शिवशंकर वीडियो बनाने लगा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की आरोपियों ने उन्हें धमकी दी कि आगे से घर में कदम रखा तो तुङो और तेरे भाई को जान से मार देंगे। उसके भाई ने डायल 112 को सूचित किया जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चोट ज्यादा होने के कारण वह दो दिन पुलिस को बयान तक दर्ज नहीं करवा पाई।

बाद में स्थिति में कुछ सुधार होने पर पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया हैं। पीड़िता ने पुलिस को दर्ज करवाई शिकायत में बताया है कि उसकी शादी दो साल पहले हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही लालची ससुरालजन उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। हालांकि उसके परिजनों ने अपने सामथ्र्य से बढ़कर शादी में दान-दहेज दिया लेकिन लालची ससुरालजन इससे संतुष्ट नहीं थे और उसे बार-बार मायके से पैसे लाने की मांग करत रहें। 18 अप्रैल को आरोपियों ने हदें पार कर दी और उसे जान से मारने की नीयत से हमला किया। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी दयाराम कडवासरा, गुड्डी देवी व उसका पति रमेश कुमार के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान के बयान से बढ़ा तनाव, इजराइल को ‘कैंसर’ कहने पर बवाल

Exit mobile version