Site icon Dainik Savera Times

भाजपा से जनता का मोहभंग, इनेलो पर बढ़ा भरोसा : अभय चौटाला

Growing confidence in INLD: Abhay Chautala : महेंद्रगढ़। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि महंगाई, भ्रष्टाचार, पेंशन, किसानों और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर जनता में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है और लोगों का विश्वास अब इनेलो की ओर बढ़ रहा है। चौटाला ने 27 सितंबर को नूंह में होने वाले चौधरी देवीलाल के ‘सम्मान दिवस’ समारोह के लिए कार्यकर्ताओं को आमंत्रित भी किया।

अभय चौटाला ने कहा कि चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 27 सितंबर को प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2 अगस्त से अब तक 57 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम किए जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि इन कार्यक्रमों को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और खासकर उन क्षेत्रों में भी पार्टी को अच्छा समर्थन मिल रहा है, जिन्हें पहले इनेलो के लिए कमजोर माना जाता था। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में बनी भाजपा सरकार के गठन में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनकी पार्टी की भूमिका रही है। चौटाला ने आरोप लगाया कि हुड्डा ने अंदरूनी तौर पर भाजपा की मदद की और एक बड़े षड्यंत्र के तहत प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनवाने में सहयोग किया।

बुजुर्गों की पेंशन को लेकर सरकार पर निशाना

अभय चौटाला ने कहा कि सत्ता में आने के बाद भाजपा सरकार ने ऐसे कई फैसले लिए हैं, जिनसे आम जनता परेशान हुई है। उन्होंने बुजुर्गों की पेंशन को लेकर सरकार की नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब आयकर में 10 लाख रुपये तक की आय पर छूट दी जा रही है तो बुढ़ापा पेंशन के लिए 1.80 लाख रुपये की आय की शर्त क्यों लगाई गई है। उन्होंने कहा कि यदि सांसदों और विधायकों को लाखों रुपये की पेंशन मिल सकती है तो बुजुर्गों को पेंशन देने में क्या परेशानी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर बुजुर्गों की पेंशन काटी है, जिससे उनमें रोष है। उन्होंने मंडियों में फसल खरीद के दौरान बायोमेट्रिक और अंगूठा लगवाने जैसी नई शर्तों पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चौटाला ने दावा किया कि प्रदेश में महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ा है तथा कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रति लोगों की नाराजगी लगातार बढ़ रही है और अब लोगों का विश्वास इनेलो की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा आमजन के मुद्दों और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ी है तथा सरकार को लोगों की मांगें मानने के लिए मजबूर किया है।

सफाई कर्मचारियों की मांगों का किया समर्थन

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर अभय चौटाला ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें जायज हैं और सरकार को उन्हें तुरंत स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा का सत्र चल रहा है और इनेलो के दोनों विधायक सदन में कर्मचारियों की मांगों को जोरदार तरीके से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को वे सभी सुविधाएं मिलनी चाहिए जो एक सामान्य कर्मचारी को मिलती हैं।  प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो गई है और आज प्रदेश में कोई भी व्यक्ति खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। खिलाड़ियों की सुविधाओं को लेकर उन्होंने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने जुलाना के खेल स्टेडियम में कथित तौर पर आपत्तिजनक सामग्री मिलने का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि सरकार खिलाड़ियों और खेल सुविधाओं की ओर ध्यान क्यों नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि देश के लिए सबसे ज्यादा पदक हरियाणा के खिलाड़ी जीतते हैं, लेकिन सबसे अधिक परेशानी भी प्रदेश के खिलाड़ियों को ही उठानी पड़ती है।

गुरुग्राम की व्यवस्थाओं पर भी उठाए सवाल

गुरुग्राम की स्थिति पर अभय चौटाला ने कहा कि गुरुग्राम पहले गांव हुआ करता था, लेकिन चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के कार्यकाल में इसे मिलेनियम सिटी के रूप में विकसित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में बड़ी संख्या में सेक्टर काटे गए और बंदरबांट हुई। इसके बाद भाजपा सरकार ने भी कोई कमी नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि आज गुरुग्राम में सीवरेज और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी समस्या बनी हुई है। इस दौरान इनेलो के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version