हरियाणा डेस्क: गुरुग्राम से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई, जहां कक्षा 11वीं में पढ़ने वाले एक छात्र ने अपने ही साथी को गोली मार दी। यह घटना बीती देर रात सेक्टर-48 इलाके में हुई। गोली लगने से पीड़ित छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग और उसके एक साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
लाइसेंसी पिस्टल से की फायरिंग
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी छात्र ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की। आरोपी के पिता पेशे से प्रॉपर्टी डीलर बताए जा रहे हैं। मौके से पुलिस ने हथियार, दो मैगजीन, 70 कारतूस और एक खोल बरामद किया है। फिलहाल पिस्टल को जब्त कर लिया गया है और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
दो महीने पुरानी कहासुनी बनी वजह
पीड़ित की मां के मुताबिक, लगभग दो महीने पहले दोनों छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम आरोपी ने पीड़ित को मिलने के लिए बुलाया था। पहले तो उसने मना किया, लेकिन बार-बार जोर देने पर वह सेक्टर-48 स्थित आरोपी के घर चला गया, जहां यह वारदात हुई।
ये भी पढ़ें: गर्लफ्रेंड के प्यार में पागल हुई महिला, 5 महीने के मासूम की गला घोंटकर कर दी हत्या
पुलिस कर रही है विस्तृत जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रंजिश की बात सामने आई है, हालांकि सटीक कारणों का पता लगाने के लिए दोनों से पूछताछ की जा रही है।

