Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुरुग्राम पत्रकार हमला मामला: दो आरोपी दबोचे, एक सोनाली फोगाट हत्याकांड का आरोपी

November 25, 2025

गुरुग्राम पत्रकार हमला मामला: दो आरोपी दबोचे, एक सोनाली फोगाट हत्याकांड का आरोपी

गुरुग्राम। सेक्टर-49 स्थित एक अहाते में कवरेज के दौरान स्थानीय न्यूज चैनल के पत्रकारों पर हुए हमले मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक वही सु्खविंदर सिंह है, जो वर्ष 2022 में सोनाली फोगाट हत्याकांड में नामजद है और फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहा है। दूसरा आरोपी गौरव तनेजा रोहतक का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह पत्रकार एक कैफे में आयोजित अवैध पार्टी की कवरेज के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान आयोजकों और बाउंसर्स ने टीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि पत्रकारों पर पथराव किया गया और उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना का पूरा वीडियो पत्रकारों ने रिकॉर्ड किया है।

शिकायतकर्ता पत्रकार मनु मेहता ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सेक्टर-49 के एक कैफे में नियमों के खिलाफ सुबह से पार्टी चल रही है, जिसमें दिल्ली-एनसीआर से युवक-युवतियां पहुंचे हुए थे। पुलिस को शिकायत मिलने पर वे मौके पर पहुंचे, लेकिन जैसे ही रिकॉर्डिंग शुरू की, पार्टी संचालकों ने गाली-गलौज कर हमला शुरू कर दिया और कैमरा छीनने का प्रयास किया। बाद में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पत्रकारों को सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार इससे पहले 22 नवंबर को अहाते के मैनेजर सोनू कुमार समेत बाउंसर आनंद और ललित को गिरफ्तार किया जा चुका है। ताज़ा गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे प्रकरण की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें