गुरुग्राम के मानेसर इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ऑटो-रिक्शा चालक ने दो नाबालिग बहनों को बहला-फुसलाकर किडनैप किया और उनमें से एक के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस से बचने की कोशिश में आरोपी ने KMP एक्सप्रेसवे फ्लाईओवर से छलांग लगा दी, जिससे उसके दोनों पैर टूट गए। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के निवासी 29 वर्षीय सर्वेश के रूप में हुई है। वह शादीशुदा है और गुरुग्राम के कासन इलाके में अकेला रह रहा था, जबकि उसका परिवार उत्तर प्रदेश में रहता है।
घटना बीते शनिवार की है। मानेसर के एक गांव में खेतों के पास खेल रही छह और आठ साल की दो सगी बहनों को आरोपी ने पहले से बनाई गई योजना के तहत चॉकलेट का लालच देकर अपने ऑटो-रिक्शा में बैठा लिया। घूमाने के बहाने वह दोनों को एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसने बड़ी बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
घटना के दौरान जब कुछ स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी बच्चों को वहीं छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मानेसर क्राइम ब्रांच और स्थानीय थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों बच्चियों को सुरक्षित बरामद किया। उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। KMP फ्लाईओवर पर पुलिस को देखकर आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए नीचे कूद गया। गंभीर रूप से घायल आरोपी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

