Site icon Dainik Savera Times

गुरुग्राम: 20% ब्याज पर कर्ज देने वाले सूदखोरों का भंडाफोड़, 7 लाख देकर वसूल लिए 15 लाख, पांच गिरफ्तार

गुरुग्राम। शहर में सूदखोरी के बढ़ते मामलों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शिवाजी नगर थाना पुलिस ने सोमवार को पांच ऐसे आरोपितों को गिरफ्तार किया है जो 20 प्रतिशत ब्याज दर पर पैसा उधार देकर लोगों से कई गुना रकम वसूल रहे थे। पीड़ित व्यापारी से आरोपितों ने सात लाख रुपये उधार देने के बाद करीब 15 लाख रुपये वसूल लिए, इसके बावजूद वे अतिरिक्त रकम की मांग कर रहे थे।

कर्ज चुकाने के बाद भी की रकम की अवैध मांग

शिकायतकर्ता व्यापारी ने बताया कि उसने अपने भाई के साथ मिलकर आरोपित ललित, नितिन, प्रवीण, हिमांशु, संजय और दो अन्य व्यक्तियों से सात लाख रुपये उधार लिए थे। दोनों भाइयों ने ब्याज सहित 15 लाख रुपये चुका दिए, लेकिन फिर भी आरोपित 25 लाख रुपये की अवैध मांग कर उन्हें धमकाने लगे।

दुकान पर पहुंचकर दी जान से मारने की धमकी

शिकायत के अनुसार, 7 सितंबर को आरोपित दुकान पर पहुंचे और गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने 64 हजार रुपये छीनने की कोशिश की और गोली मारने की चेतावनी भी दी। यही नहीं, आरोपितों ने पीड़ित के पिता के बैंक खाते से पांच-पांच लाख रुपये के तीन चेक और भाइयों के खाली हस्ताक्षर वाले चेक जबरन अपने पास रख लिए और दुरुपयोग की धमकी देने लगे।

पुलिस ने पांच सूदखोरों को दबोचा

थाना शिवाजी नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार को सभी पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान अजीत कॉलोनी (रोहतक) निवासी कृष्ण उर्फ नितिन, तथा गांव कबूलपुर (रोहतक) निवासी हिमांशु, संजय, ललित और प्रवीन के रूप में हुई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ये लोग वर्ष 2022-23 से सूद पर पैसे देने का अवैध कारोबार चला रहे थे।

थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपितों से पूछताछ जारी है और उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने कहा कि शहर में सूदखोरी के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा।

Exit mobile version