गुरुग्राम। साइबर सिटी में मथुरा घूमने के बहाने बुलाकर 40 वर्षीय युवक की हत्या करने वाले प्रेमी-प्रेमिका को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने मृतक को योजनाबद्ध तरीके से मथुरा ले जाकर मौत के घाट उतारा और शव उत्तर प्रदेश के कोसी बॉर्डर पर फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद कर जांच आगे बढ़ा दी है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुशलपाल सिंह उर्फ कौशल (26) और उसकी प्रेमिका भावना (19) के रूप में हुई है। दोनों करीब दो वर्षों से मानेसर सेक्टर-1 में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पूछताछ में आरोपी कुशलपाल ने बताया कि मृतक सोनपाल उसका सीनियर था और उस पर प्रेमिका से दोस्ती करवाने का दबाव डालता था। इसी रंजिश के चलते दोनों ने हत्या की योजना बनाई।
मृतक की पहचान मथुरा के गोविंदपुर सरस्वती कुंड निवासी सोनपाल (40) के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम के गांव खोह में किराए पर रहते थे और पिछले 10 वर्षों से सेक्टर-5 स्थित एक कंपनी में कार्यरत थे। 4 अक्टूबर को सोनपाल रोज की तरह कंपनी पहुंचे और शाम को मथुरा घर जाने के लिए निकले, लेकिन उसके बाद उनसे संपर्क पूरी तरह टूट गया। फोन भी स्विच ऑफ आने लगा। परिजनों ने मथुरा, दिल्ली और गुरुग्राम में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों की शिकायत पर सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई।
तलाशी के दौरान पुलिस को कई संदेहास्पद तथ्य मिले और 13 नवंबर को गुमशुदगी के मामले को हत्या में बदल दिया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुशलपाल को पंचगांव से और भावना को मानेसर से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी 4 अक्टूबर को जुलाई 2025 में चोरी की गई बाइक से सोनपाल को मथुरा घूमने के बहाने साथ ले गए। रास्ते में सुनसान जगह पर कुशलपाल ने चाकू से वार कर सोनपाल की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों शव को कोसी बॉर्डर पर फेंककर फरार हो गए।
पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में इस्तेमाल चोरी की बाइक, हथियार और अन्य सबूत एकत्र किए जा रहे हैं। दोनों आरोपियों से हत्या के क्रम और साजिश के बारे में विस्तृत पूछताछ जारी है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...