Site icon Dainik Savera Times

नशे में धुत्त आरोपियों ने बेकसूर ऑटो चालक पर किया जानलेवा हमला, अधमरी हालत में छोड़ कर फरार

गुरुग्राम के सेक्टर–49 में देर रात नशे में धुत्त गुंडों ने ऑटो चालक को वैगनआर से टक्कर मार दी। सिर्फ इतना ही नहीं आरोपियों ने ऑटो को टक्कर मारने के बाद 200 मीटर तक घसीटा। इसके बाद जब गाड़ी रुकी तो गाड़ी से उतरते ही ऑटो चालक को गाली देते हुए मारपीट शुरू कर दी।

इस घटनाक्रम के दौरान ही घटनास्थल पर नशेडी युवकों का एक ओर साथी अपनी बाइक से पहुंच गया। बाइक चालक ने भी घायल को हेलमेट से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद जब आरोपी घायल को अधमरी हालत में छोड़ कर फरार हो गए तो मौके पर मौजूद राहगीरों और अन्य ऑटो चालकों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।

राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद ऑटो चालक अजय कुमार को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस को बयान देते हुए अजय ने पूरा घटनाक्रम बताया। साथ ही वैगनआर का नंबर भी दर्ज करवाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि अभी तक केस दर्ज नहीं किया गया है।

इस घटना की निंदा करते हुए ऑटो ड्राइवर संघ के प्रतिनिधि योगेश ने न्याय की मांग की है और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की है। योगेश ने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताया है। उनके अनुसार यदि कोई भी बदमाश आकर मेहनत–मजदूरी करने वाले ऑटो चालक के साथ इसी तरह से मारपीट करता रहेगा तो सड़कों पर कोई भी ऑटो चालक सुरक्षित नहीं होगा। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

Exit mobile version