सेक्टर 14 स्थित एक रेस्टोरेंट में रविवार रात लाइसेंसी रिवाल्वर दिखाकर युवक से हाथापाई करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित पर धोखाधड़ी के केस को खत्म करने का दबाव बनाया था। मना करने पर उसने रिवाल्वर निकाल ली।
शिकायतकर्ता अंकित यादव, निवासी सेक्टर 14, ने बताया कि वह 9 नवंबर की रात करीब साढ़े दस बजे अपने दोस्त के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। वहां नवीनपाल और उसका दोस्त पहले से मौजूद थे। अंकित के मुताबिक, नवीनपाल ने पहले उसकी लैंड क्रूजर गाड़ी धोखाधड़ी से बेच दी थी, जिसके खिलाफ उसने मुकदमा दर्ज कराया था।
ये भी पढ़ें: दादरी में सड़क हादसे में राष्ट्रीय खिलाड़ी की मौत, दोस्त घायल
जब नवीनपाल ने मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया और अंकित ने इंकार किया, तो आरोपी गाड़ी से रिवाल्वर निकालकर हाथापाई करने लगा।
सेक्टर 39 क्राइम ब्रांच और सेक्टर 14 थाना पुलिस ने सोमवार रात संयुक्त कार्रवाई में आरोपी नवीनपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। वह सिविल लाइंस क्षेत्र का निवासी और पेट्रोल पंप मालिक है।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि नवीनपाल और अंकित पहले करीबी दोस्त थे। कुछ साल पहले नवीनपाल ने घूमने के बहाने लैंड क्रूजर मांगी थी, जिसे बाद में उसने फर्जी तरीके से बेच दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाइसेंसी रिवाल्वर और छह कारतूस बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि उसने दस साल पहले हथियार का लाइसेंस बनवाया था। पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है।

