Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

पति ने पेट्रोल डाल कर लगाई आग, झुलसती और चीखती रही पत्नी; मौत

December 9, 2025

पति ने पेट्रोल डाल कर लगाई आग, झुलसती और चीखती रही पत्नी; मौत

गुरुग्राम। रायसीना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने उसके पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मामला सोमवार को तब खुला, जब रोहतक पीजीआई से भोंडसी थाना पुलिस को महिला के उपचार के दौरान दम तोड़ने की सूचना मिली।

जांच टीम ने अस्पताल में जुटाए प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर पति आनंद को हिरासत में लिया। पूछताछ में वह लगातार बयान बदलता रहा, जिसके बाद पुलिस ने पीड़िता का दर्ज बयान खंगाला। बयान में सामने आया कि 30 नवंबर की रात घर में झगड़े के बाद उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई थी।

मृतका की पहचान 37 वर्षीय नीतू के रूप में हुई है। एक दिसंबर को सोहना अस्पताल से झुलसी अवस्था में रेफर किया गया था, जहां से स्थिति नाज़ुक होने पर उसे गुरुग्राम और फिर रोहतक पीजीआई भेजा गया। इलाज के दौरान उसके शरीर पर गहरे जलने के निशान मिले थे।

नीतू ने बयान में कहा था कि पति शराब पीकर अक्सर विवाद करता था। घटना वाली रात भी उसने मारपीट के बाद बाइक से पेट्रोल निकालकर उस पर डाल दिया और लाइटर जला दिया। आग पकड़ने पर वह बाहर भागी, जहां परिजन उसे अस्पताल ले गए।

इधर मायकेवालों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि हाल ही में ससुराल में हुए विवाद को लेकर आनंद लगातार झगड़ा कर रहा था। इसी रंजिश में उसने नीतू को आग के हवाले कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी।

सोमवार शाम पुलिस ने आरोपी आनंद को रायसीना गांव से गिरफ्तार कर लिया। आगे की जांच में पुलिस घटना की पूरी पटकथा जोड़ने में लगी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें