Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

हांसी में बाइक सवार बदमाशों ने जिम संचालक पर बरसाईं गोलियां… एक्सरसाइज कर रहे लोगों में मची अफरा-तफरी

June 11, 2026

हांसी में बाइक सवार बदमाशों ने जिम संचालक पर बरसाईं गोलियां… एक्सरसाइज कर रहे लोगों में मची अफरा-तफरी

हांसीः हरियाणा के हांसी शहर में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज घटना हुई। जहां, बताया जा रहा है कि फव्वारा चौक के पास करीब सुबह 5:30 बजे बाइक सवार बदमाशों ने एक जिम संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी।

कुछ ही सेकेंड में हुई कई राउंड फायरिंग
हमलावरों ने बहुत तेजी से हमला किया। बताया जा रहा है कि केवल कुछ सेकेंड में करीब 10 गोलियां चलाई गईं। इनमें से कई गोलियां जिम संचालक की पीठ और सिर में लगीं। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जिम के बाहर चल रही थी एक्सरसाइज
घटना के समय जिम संचालक कपिल, दुकानों के पास बने रैंप पर युवाओं को सुबह की एक्सरसाइज करवा रहा था। उसी दौरान हेलमेट पहने दो बाइक सवार वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। वारदात के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।

एक युवती भी घायल
फायरिंग के दौरान वहां मौजूद एक युवती शिखा भी घायल हो गई। उसे छर्रे लगे हैं। उसे तुरंत हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

CCTV में पूरी वारदात कैद
इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। इसमें हमलावरों की पूरी हरकत साफ दिखाई दे रही है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच तेज कर दी है।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पूरे इलाके को घेर लिया गया और जांच शुरू की गई। सीआईए और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।

मृतक की ये हुई पहचान
मृतक कपिल मूल रूप से जींद जिले के गांव दलवाला का रहने वाला था। वह पिछले कई सालों से हांसी में जिम चला रहा था। उसकी कुछ दिन पहले ही लव मैरिज हुई थी।

लोगों में फैली दहशत
पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें