कुरुक्षेत्र : शाहबाद में लाडवा रोड पर शुगर मिल के सामने मोटर यार्ड से हैंड ग्रेनेड मिला है। हैंड ग्रेनेड शुगर मिल के इथेनॉल प्लांट के सामने महादेव मोटर यार्ड में खड़ी स्कोडा कार से बरामद हुआ। पिछले दिनों अंबाला में एक युवक सूर्य प्रताप से पिस्टल मिली थी, जिसको पुलिस ने गिरफ्तार करके रिमांड पर लिया था। इसी दौरान सूर्य प्रताप ने बताया कि शाहाबाद महादेव मोटर यार्ड में खड़ी स्कोडा कार में हैंड ग्रेनेड रखा है। महादेव मोटर यार्ड सूर्य प्रताप का है।
मौके पर एसटीएफ की टीम पहुंची। इंस्पेक्टर दलजीत सिंह की अगुवाई में बम निरोधक दस्ते ने हैंड ग्रेनेड को खेतों में गहरा गड्ढा खोद कर निष्क्रिय किया। मौके पर थाना प्रभारी और हुडा चौंकी के इंचार्ज भी मौजूद रहे। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि आरोपी के पास ग्रेनेड कहां से आया और इसका इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था। एसटीएफ यूनिट अंबाला के इंस्पेक्टर दलजीत सिंह ने बताया कि आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।
उसने कुरुक्षेत्र या अंबाला में कहीं ब्लास्ट करना था। हालांकि यह साफ नहीं हो पाया है कि ब्लास्ट कहां और किसे निशाना बना कर किया जाना था। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि हमने किसी से फिरौती मांगी हुई थी। कुछ दिन बाद ही उस व्यक्ति को निशाना बनाना था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी तक हैंड ग्रेनेड कैसे पहुंचा, उसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। दलजीत सिंह ने बताया कि आरोपी सूर्यप्रताप के पास 2 ग्रेनेड आए थे। कुछ दिन पहले ही उसका एक सहयोगी उससे एक ग्रेनेड लेकर चला था। दूसरा ग्रेनेड उसके पास स्कोडा कार के हैशबोर्ड में पड़ा था। इशारा मिलने पर ब्लास्ट करना था।

