Site icon Dainik Savera Times

हांसी में चार्जिंग के दौरान ई-स्कूटी बैटरी ब्लास्ट, परिवार को बचाते समय घर के मुखिया की मौत

Fire caused by electric scooter battery blast during charging

Fire caused by electric scooter battery blast during charging

हांसी। शहर की मुलतान कॉलोनी में तड़के उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक मकान में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में चार्जिंग के दौरान अचानक विस्फोट हो गया। धमाके के साथ लगी आग तेजी से पूरे घर में फैल गई। हादसे में परिवार को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रहे गृहस्वामी नरेश की झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि नरेश घर के अंदर चार्ज हो रही इलेक्ट्रिक स्कूटी के पास गए थे। इसी दौरान बैटरी से चिंगारी निकलने लगी और कुछ ही सेकंड में जोरदार धमाके के साथ आग भड़क उठी। विस्फोट की आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए। आग की लपटों के बीच नरेश ने परिजनों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह खुद बाहर नहीं निकल सका।

घटना के दौरान नरेश की 15 वर्षीय बेटी वंदना ने सूझबूझ दिखाते हुए घर का मुख्य दरवाजा खोल दिया, जिससे बाकी सदस्य बाहर निकल सके। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम भी पहुंची, लेकिन तब तक आग काफी नुकसान कर चुकी थी।

हादसे में नरेश की पत्नी, बेटा और बेटी झुलस गए, जिन्हें तत्काल नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Exit mobile version