Haryana Accident : हरियाणा के करनाल में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कर्ण झील के पास एक निजी एसी बस और ट्रक की टक्कर में चालक की मौत हो गई और कई यात्री घायल हो गए। बता दें कि बस गुरुग्राम से चंडीगढ़ जा रही थी।
बस-ट्रक टक्कर में ड्राइवर की मौत, कई यात्री घायल
बस और ट्रक के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई और बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुँच गए। घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा
पुलिस जाँच अधिकारी दर्शन सिंह ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब गुरुग्राम से चंडीगढ़ जा रही एक निजी बस एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक बस में ही फँस गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से चालक के शव को बाहर निकाला।
बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं और उन्हें पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती जाँच में पुलिस को शक है कि बस चालक को नींद आ गई होगी या बस तेज़ गति से चल रही होगी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, सही कारण जाँच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
मामला दर्ज कर जाँच शुरू
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को सड़क किनारे से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया। चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। ट्रक चालक से भी पूछताछ की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्री एक निजी एसी बस में गुरुग्राम से चंडीगढ़ जा रहे थे। जैसे ही बस राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुँची, उसकी एक ट्रक से टक्कर हो गई और यह हादसा हो गया।

