Site icon Dainik Savera Times

हाईवे पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार ने ली 2 लोगों की जान; मामला दर्ज

हरियाणा डेस्क : अंबाला-यमुनानगर हाईवे पर देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आपको बता दें कि इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। बता दें कि हादसा गांव धीन के पास हुआ जब तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी और इसके बाद एक पैदल राहगीर को भी अपनी चपेट में ले लिया।

तेज रफ्तार कार ने ली 2 लोगों की जान

मिली जानकारी के अनुसार, डुलियाना निवासी 25 वर्षीय मन्नी अपनी बाइक पर मनका-मनकी से दोसड़का की ओर जा रहा था। जैसे ही वह धीन गांव के पास पहुंचा, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मन्नी सड़क पर जा गिरा। इस बीच, सड़क किनारे टहल रहे धीन निवासी करीब 48 वर्षीय सतेंद्र पाल भी इस दुर्घटना में कार की चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने घायलों को एम.एम. अस्पताल मुलाना पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सतेंद्र पाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं मन्नी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज

जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मन्नी साहा स्थित एक कंपनी में काम करता था। उसकी कंपनी मनका-मनकी के पास नया प्लांट स्थापित कर रही थी, जिससे लौटते समय यह हादसा हुआ। मृतक के परिजनों की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

सतेंद्र पाल के भाई ने बताया कि सतेंद्र कुछ वर्ष पहले विदेश से लौटे थे और अब स्थायी रूप से गांव में रह रहे थे। वह रोजाना शाम को अपने कुत्ते के साथ सैर के लिए निकला करते थे। शुक्रवार शाम भी वह टहलने निकले थे जब यह हादसा हुआ। परिवारजन को घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया।एसआई ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं और फरार कार चालक की तलाश जारी है।

Exit mobile version