Site icon Dainik Savera Times

हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने गुरुग्राम में रिश्वत देने के आरोप में ठेकेदार को किया गिरफ्तार

चंडीगढ़: हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो की गुरुग्राम टीम द्वारा आज रिश्वत देने के आरोप में नगर निगम गुरुग्राम के ठेकेदार राजेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में एसीबी द्वारा की गई रेड में उसके कार्यालय से लगभग 19 लाख रुपए की राशि बरामद की गई है। यह ठेकेदार नगर निगम गुरुग्राम में सड़क निर्माण को लेकर कॉन्ट्रैक्टर था। इस बारे में जानकारी देते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि एसीबी की टीम को इस बारे में शिकायत प्राप्त हुई। शिकायतकर्ता द्वारा आरोप लगाया गया कि ठेकेदार राजेश कुमार नगर निगम गुरुग्राम में सड़कों के निर्माण कार्य के लिए ठेकेदारी का काम करता है जिसके बदले में ठेकेदार कई वरिष्ठ अधिकारियों को रिश्वत देता है।

एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई और तथ्यों की जांच पड़ताल करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। इस मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने ठेकेदार के कार्यालय में रेड की और वहां से 19 लाख रुपए की राशि बरामद की। इस मामले में सभी आवश्यक सबूत जुटाते हुए जांच की जा रही है। यह पूरी कार्रवाई गवाहों के समक्ष पूरी पारदर्शिता के साथ की गई। इस मामले में आरोपी के खिलाफ गुरुग्राम के एंटी करप्शन ब्यूरो पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करते हुए उसकी गिरफ्तारी की गई है।

Exit mobile version