Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने 40 हज़ार रुपये की रिश्वत लेते जिला कल्याण अधिकारी लालचंद को किया गिरफ्तार

March 11, 2024

हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने 40 हज़ार रुपये की रिश्वत लेते जिला कल्याण अधिकारी लालचंद को किया गिरफ्तार

चंडीगढ़: भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत आज हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो की हिसार टीम द्वारा फतेहाबाद जिला में कार्यरत जिला कल्याण अधिकारी लालचंद को ₹40000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी द्वारा इस रिश्वत की मांग रविंद्र सिंह नामक निजी व्यक्ति के माध्यम से की जा रही थी।

इस बारे में जानकारी देते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और उसे रंगे हाथों पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की। आरोपी जिला कल्याण अधिकारी लालचंद द्वारा सरकारी योजना ‘अंतरजातीय विवाह शगुन योजना ‘ का लाभ शिकायतकर्ता को देने के बदले में 50 हज़ार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। इसमें से ₹10000 की राशि आरोपी द्वारा 7 मार्च को रविंद्र सिंह नामक निजी व्यक्ति के माध्यम से पहले ही ली जा चुकी थी। इसके बाद रिश्वत की 40 हज़ार रुपये की शेष राशि की मांग आरोपी द्वारा की गई जिसे लेते एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह पूरी कार्यवाही गवाहों के समक्ष पूरी पारदर्शिता बरतते हुए की गई। इस मामले में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी करते हुए जांच पड़ताल की जा रही है।

इस मामले में आरोपी के खिलाफ हिसार के एंटी करप्शन ब्यूरो पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करते हुए उसकी गिरफ्तारी की गई है। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम द्वारा सभी आवश्यक सबूत जुटाते हुए मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो के प्रवक्ता ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई भी अधिकारी अथवा कर्मचारी सरकारी काम करने की एवज में रिश्वत की मांग करता है तो तुरंत इसकी जानकारी हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो के टोल फ्री नंबर -1800-180-2022 तथा 1064 पर देना सुनिश्चित करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें